लॉटरी से खुला किसानों की किस्मत का ताला, 2953 कृषकों को मिलेंगे मुफ्त बीज मिनीकिट
अलीगढ़। क्वार्सी कृषि फार्म स्थित बहुउद्देशीय कृषि कल्याण केंद्र पर बुधवार को बीज वितरण योजना के तहत लाभार्थियों का चयन किया गया। ई-लॉटरी और ऑटो लॉटरी के माध्यम से जनपद के 2953 किसानों को धान, ढैंचा, अरहर, मूंग और उर्द के बीज मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
उप कृषि निदेशक चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि जिन विकास खंडों में लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, वहां पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए ई-लॉटरी के जरिए किसानों का चयन किया गया। वहीं, जिन ब्लॉकों में बुकिंग लक्ष्य से कम थी, वहां ऑटो लॉटरी पद्धति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विकास खंडों में अभी लक्ष्य अधूरे हैं, वहां लक्ष्य पूर्ति होने तक बुकिंग की प्रक्रिया जारी रहेगी।
इन ब्लॉकों के किसान हुए लाभान्वित: योजना के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों के किसानों को लाभ दिया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से खैर के 324, धनीपुर के 305, जवां के 291, गंगीरी के 284, लोधा के 273, और अकराबाद के 230 किसान शामिल हैं। इसके अलावा अतरौली (191), बिजौली (292), गोंडा (157), चण्डौस (222), इगलास (228) और टप्पल (156) किसानों का चयन भी लॉटरी के माध्यम से किया गया है।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) डॉ. सतीश मलिक और कृषि वैज्ञानिक डॉ. नेत्रपाल मलिक सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसान और अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चयनित किसानों से अपील की है कि वे समय से बीज प्राप्त कर उन्नत खेती की ओर कदम बढ़ाएं।