गभाना : किसान मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर उमड़े अन्नदाता
भाकियू ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गभाना। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के संस्थापक और देश के महान किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को तहसील परिसर में बेहद श्रद्धापूर्वक मनाई गई। भाकियू नेताओं और क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने बाबा टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के बाद किसानों ने क्षेत्रीय जन-समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी हरिश्चंद्र को एक ज्ञापन भी सौंपा।
‘हुक्के की गड़गड़ाहट से हिल जाती थीं सरकारें’
भाकियू नेता गुलजार सिंह बापू और विजयवीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मासिक बैठक व श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बाबा टिकैत के संघर्षों को याद किया। विजयवीर चौधरी ने कहा कि बाबा टिकैत ने देश के अन्नदाताओं को अपने हक के लिए संगठित होना और लड़ना सिखाया। आज किसान उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलकर अपने अधिकारों की रक्षा कर पा रहे हैं। गुलजार बापू ने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि बाबा टिकैत किसानों की वो बुलंद आवाज थे, जिनके एक आह्वान और हुक्के की गड़गड़ाहट से तत्कालीन सरकारें हिल जाती थीं। उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषितों, पीड़ितों और किसानों के कल्याण में समर्पित कर दिया।
स्मृति में पौधरोपण और जन-समस्याओं पर मंथन
इस मौके पर किसान नेता मुस्तकीम पठान ने बाबा टिकैत की स्मृति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खिच्चू सिंह ने की। श्रद्धांजलि सभा के समापन पर किसानों ने क्षेत्र की बिजली, पानी और स्थानीय समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर उनके त्वरित निस्तारण की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर देवी चरण मामा, सिकंदर कुरैशी, डॉ. सोरन सिंह, रमेश चौहान, राजकुमार, रमेश प्रधान, प्रेमवीर चौधरी, मलखान सोलंकी, अशोक सिंह, राकेश चौहान, ओम प्रकाश चौहान, भूरा गंगाई, महावीर स्वामी, साहब सिंह नंबरदार, नरेंद्र सिंह, बनी सिंह, बाबू सिंह प्रधान, कृष्ण कुमार, गिरिराज सिंह, प्रवीन चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, प्रांजल चौधरी, दीपक तौमर, सूरजपाल, रमेश राघव और शेरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।