गभाना: अग्निकांड की मार झेल रहे किसानों को प्रशासन का संबल, 11 अन्नदाताओं को बांटे मुआवजे के चेक
गभाना। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पिछले दिनों हुए भीषण अग्निकांड से पीड़ित अन्नदाताओं के जख्मों पर प्रशासन ने मरहम लगाया है। खेतों में खड़ी फसल जलकर राख होने से गहरे आर्थिक संकट में डूबे 11 पीड़ित किसानों को शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों में एक उम्मीद जगी है।
इन किसानों को मिली मदद
तहसील सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसडीएम हरिश्चंद्र, मंडी सचिव योगेंद्र सिंह और मंडी सहायक योगेश कुमार ने संयुक्त रूप से पीड़ित किसानों को सहायता राशि सौंपी।
अग्निकांड से प्रभावित सुधीर (बिसारा), राजेंद्र सिंह (दौरऊ-चांदपुर), राजेश कुमार (नगौला पैराई) तथा कोरह रूस्तमपुर निवासी पवन, प्रशांत, लवकुमार, सुभाष, बबलू कुमार, राजरानी, उर्मिला देवी और सुरेश को कुल 1 लाख 76 हजार रुपये की धनराशि के चेक बतौर मुआवजा सौंपे गए।
किसानों की मदद को प्रतिबद्ध शासन-प्रशासन
एसडीएम हरिश्चंद्र ने कहा कि दैवीय आपदा या आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावित होने वाले किसानों की मदद के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगजनी की सूचना मिलते ही राजस्व टीमों को मौके पर भेजकर तत्काल सर्वे कराया गया था। नुकसान के सटीक आकलन के बाद बिना किसी कागजी लेत-लतीफी के अनुग्रह राशि के चेक वितरित कर दिए गए हैं, ताकि पीड़ित अन्नदाताओं को तुरंत राहत मिल सके।