पुलिस ने नलकूपों से चोरी करने वाले अंतरजनपदीय चोर व कबाड़ी को भेजा जेल
- आधा दर्जन से अधिक चोरियों का खुलासा, अवैध असलहा व नकदी सहित तांबे का तार बरामद
चंडौस। क्षेत्र में किसानों के नलकूपों (ट्यूबवेल) पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शनिवार देर रात घेराबंदी कर नलकूपों से सामान चुराने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय चोर और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, नकदी और अवैध असलहा बरामद हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात उपनिरीक्षक राजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था व सुरक्षा के दृष्टिगत गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि भीमनगर क्षेत्र में दो संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीमनगर क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
पूछताछ में उगले राज
पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम आकाश निवासी भाईपुर थाना कोतवाली देहात, बुलंदशहर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने फरार साथी रिंकू उर्फ रिंका निवासी भाईपुर, बुलंदशहर के साथ मिलकर चंडौस और आसपास के क्षेत्रों में नलकूपों को निशाना बनाता था। आरोपी ने क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे चोरी की गई मोटर, केबल और तांबे के तार को जवां क्षेत्र के धोबी मोहल्ला निवासी कबाड़ी धर्मपाल को बेचते थे। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कबाड़ी धर्मपाल को भी धर दबोचा।
माल सहित अवैध असलहा बरामद, दर्ज हैं 12 मुकदमे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बिजली की केबल, करीब डेढ़ किलोग्राम कॉपर (तांबा) का तार, 6500 रुपये की नकदी, तार काटने का कटर और एक साइकिल बरामद की है। इसके अतिरिक्त शातिर चोर आकाश के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आकाश एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर चंडौस के अलावा बुलंदशहर, ककोड़ और खुर्जा नगर कोतवाली में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने फरार आरोपी रिंकू की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक आदित्य श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल धीरेश कुमार, कांस्टेबल नवनीत राणा, कांस्टेबल संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।