गभाना: घर से नकदी और जेवरात समेटकर लापता हुई युवती, गांव के ही युवक पर बहलाने का आरोप
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपने साथ घर में रखे हजारों रुपये कैश और कीमती जेवरात भी ले गई है। इस मामले में पीड़ित मां ने गांव के ही एक युवक पर अपनी बेटी को जाल में फंसाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तलाश करने पर घर से गायब मिले जेवर और कैश
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित मां ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी बीते 13 अप्रैल की सुबह अचानक घर से बिना बताए कहीं चली गई। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर अलमारी की जांच करने पर पता चला कि बेटी अपने साथ 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अपने व भाई के शैक्षणिक जरूरी दस्तावेज भी समेटकर ले गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
गांव के ही युवक पर गहराया शक
पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र नाम के युवक को कई बार उनकी बेटी से बातचीत करते हुए और आते-जाते देखा गया था। परिजनों को पूरा अंदेशा है कि धर्मेंद्र ही उनकी बेटी को शादी या किसी अन्य झांसे में लेकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
पुलिस युवती व आरोपी की तलाश में जुटी
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमें युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं। जल्द ही मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।