खुले में कुर्बानी व भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम
थाने में बकरीद को लेकर शांति समिति की हुई बैठक
चण्डौस। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को क्षेत्र में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारस्परिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र और सीओ गभाना महेश कुमार की मौजूदगी में हुई इस बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसडीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि त्योहारों की आड़ में शांति व्यवस्था को प्रभावित करने या आपसी भाईचारे को बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या खुले में कुर्बानी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी दिए जाने पर कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम ने साफ किया कि कुर्बानी केवल निर्धारित और निजी स्थानों पर ही की जाए, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। उन्होंने साफ-सफाई और अपशिष्टों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया।
सीओ महेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि पर्व के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त और पिकेट व्यवस्था को बेहद मजबूत किया जाएगा। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए विशेष सेल सक्रिय रहेगा, यदि किसी ने भी फेसबुक, व्हाट्सएप या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कोई भड़काऊ, आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट साझा की, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न होने दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस अवसर पर थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह, समस्त हल्का इंचार्ज, क्षेत्रीय संभ्रांत नागरिक और ग्राम प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।