गभाना: बुआ के घर रह रहे युवक ने फंदे पर लटककर की आत्महत्या
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव सैमला में अपनी बुआ के घर रह रहे एक 40 वर्षीय युवक ने शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। कमरे के भीतर टीनशेड के सहारे शव लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
खिड़की से झांका तो उड़ गए होश
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मूल रूप से जनपद इटावा के जसवंतनगर के मोहल्ला गुलाब बाड़ी निवासी रिंकू सिंह (40) पुत्र संत सिंह पिछले 25 वर्षों से सैमला गांव में अपने फूफा कमल सिंह के घर पर ही रह रहा था। शुक्रवार की दोपहर को रिंकू हमेशा की तरह खाना खाने के बाद घर के समीप ही बने एक कमरे में सोने के लिए गया था। देर शाम तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और वह बाहर नहीं आया तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इस पर रिंकू के फुफेरे भाई भोलू ने जब कमरे की खिड़की से भीतर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। अंदर रिंकू का शव अंगोछे के फंदे के सहारे छत पर लगी टीनशेड की एंगिल से लटका हुआ था।
घरेलू कलह से परिजनों का इनकार, जांच जारी
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक रिंकू अविवाहित था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने किसी भी तरह के घरेलू कलह, मानसिक तनाव या आपसी विवाद से साफ इनकार किया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में और क्यों उठाया, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।