रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

चण्डौस में कीटनाशक विक्रेताओं के पंजीकरण को लगा विशेष शिविर

चण्डौस। ब्लॉक परिसर स्थित राजकीय कृषि रक्षा इकाई परिसर में शुक्रवार को कीटनाशक विक्रेताओं को ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत करने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में संचालित कृषि रक्षा रसायनों के व्यवसाय को पूरी तरह पारदर्शी, नियमानुकूल और डिजिटल प्रणाली से जोड़ना है। शिविर में चण्डौस ब्लॉक और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्जनों कीटनाशी विक्रेताओं के दस्तावेजों की जांच कर उनका मौके पर ही ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित किया गया।

शिविर में मौजूद कीटनाशी लाइसेंस सहायक प्रदीप चौहान ने विभागीय प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अब ब्लॉक स्तर पर इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम (IPMS)पोर्टल पर सभी वैध कीटनाशी विक्रेताओं को पंजीकृत कराया जाना अनिवार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग द्वारा जगह-जगह विशेष शिविरों की श्रृंखला चलाई जा रही है, ताकि स्थानीय व्यापारियों को जिला मुख्यालय की दौड़ न लगानी पड़े और उनके प्रतिष्ठानों का पंजीकरण स्थानीय स्तर पर ही सुगमता से हो सके। उन्होंने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि चण्डौस के बाद शनिवार को विकास खण्ड खैर में इसी प्रकार के एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान प्रमुख व्यावसायिक फर्मों का डिजिटल इंद्राज किया। इसमें मुख्य रूप से नासिर बीज भंडार चण्डौस, भारतीय कीटनाशक केंद्र चण्डौस तथा मां सावित्री कीटनाशक केंद्र नगला पदम सहित कई अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों का आईपीएमएस पोर्टल पर सफलतापूर्वक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा किया गया। अधिकारियों ने मौजूदा दुकानदारों से कहा कि वे बिना वैध पंजीकरण और अनिवार्य मानकों के कीटनाशकों की बिक्री कतई न करें और किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रामाणिक उत्पाद ही उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर राजकीय कृषि रक्षा इकाई प्रभारी दयाराम सिंह, सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) हरीश कुमार, तकनीकी सहायक गौरव सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!