रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

पुलिस ने अवैध गांजे के साथ शातिर को दबोचा, भेजा जेल

चंडौस। क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंडौस थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शनिवार देर रात्रि गश्त के दौरान सिद्धनगर मोड़ के पास से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। अमली जामा तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी को जेल भेज दिया है।

पुलिस को देख भागने का कर रहा था प्रयास

थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर गश्त पर थे। पुलिस टीम जब गश्त करते हुए सिद्धनगर मोड़ के पास पहुंची, तभी वहाँ एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक सकपका गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा।

पूछताछ में खुला राज

युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देख पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने अपना नाम गीतम निवासी एलमपुरा थाना चंडौस बताया। जब पुलिस टीम द्वारा उसकी जामा तलाशी ली गई तो उसके पास से एक किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे वह बेचने की फिराक में था।

आरोपी पर दर्ज हैं एनडीपीएस व आबकारी के चार मुकदमे

थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गीतम शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ चंडौस थाने में पहले से ही एनडीपीएस (मादक पदार्थ तस्करी) और आबकारी अधिनियम के तहत चार मुकदमे पंजीकृत हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर रविवार को उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!