पुलिस के हत्थे चढ़ा नलकूपों से चोरी करने वाला शातिर चोर, भेजा जेल
चंडौस। क्षेत्र में किसानों के नलकूपों से चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अभियान चला रही पुलिस को सोमवार को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने वांछित चल रहे एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार और चोरी का सामान बेचने से मिले रुपये बरामद हुए हैं।
लंबे समय से चल रहा था फरार
इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में चोर किसानों के खेतों पर बने नलकूपों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम 17 मई को एक चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। इस गिरोह का एक अन्य सक्रिय सदस्य रिंकू उर्फ रिंका निवासी गांव भाईपुर, थाना कोतवाली देहात, जिला बुलंदशहर फरार चल रहा था। सोमवार को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपी रिंकू उर्फ रिंका को चंडौस क्षेत्र से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू, एक प्लास और चोरी का सामान बेचने से मिले 3200 रुपये नगद बरामद हुए। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी एक शातिर और पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ अलीगढ़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और मारपीट के करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं।