गभाना : किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव से बुलंदशहर का एक युवक एक 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में किशोरी के नाना की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
नाना द्वारा पुलिस को दी गई शिकायती तहरीर के अनुसार उनकी 17 वर्षीय धेवती को बुलंदशहर के थाना डिबाई क्षेत्र के गांव डिरौरा निवासी भोला बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। किशोरी के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सघन तलाशी के दौरान घर में एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि आरोपी भोला की बहन पूनम के माध्यम से किशोरी की लगातार बातचीत होती थी। परिजनों ने आशंका और भय व्यक्त किया है कि आरोपी किशोरी के साथ कोई अप्रिय घटना या गलत कृत्य कर सकते हैं।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं, जो किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।