दो बाइक आपस में टकराई, छात्र की हुई मौत
गभाना। सोमना-खैर मार्ग पर करनपुर-चांदनेर के पास सोमवार की सुबह दो बाइक आमने-सामने टकरा गई। हादसे में एक बाइक पर सवार छात्र की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक सवार पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार वीरपुरा निवासी विकास कुमार पुत्र पवन कुमार पुलिस की भर्ती के लिए खैर में कोचिंग कर रहा था। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से गांव से खैर कोचिंग करने के लिए जा रहा था। तभी सोमना-खैर मार्ग पर करनपुर-चांदनेर के पास पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विकास के अलावा दूसरी बाइक सवार पदम उसकी पत्नी व बेटा दिनेश से घायल हो गए। सूचना इलाका पुलिस व विकास के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन विकास को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल में लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों 24 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने दूसरी बाइक सवार तीनों लोगों का वीरपुरा स्थित निजी चिकित्सक के यहां पर उपचार कराया। हादसे के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक छात्र दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था।
