अतीक अहमद का बेटा असद व साथी गुलाम झांसी में एनकाउंटर में हुआ ढेर
दोनों पर पांच लाख रुपये का इनाम था घोषित, उमेश पाल हत्याकांड में थे वांटेड
एसटीएफ टीम ने की बड़ी कार्रवाई
न्यूज डेस्क। अतीक अहमद के बेटे असद को झांसी में एसटीएफ की टीम ने मार गिराया है। उसके अलावा एक और शूटर गुलाम को भी पुलिस ने ढेर कर दिया है। दोनों पर 5 लाख रुपये का इनाम था और यह उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड थे। एसटीएफ की ओर से बताया गया कि टीम ने जब दोनों की घेराबंदी शुरू की तो असद और गुलाम टीम पर फायरिंग करने लगे। इस पर टीम ने जवाबी कार्रवाई दोनों को मार गिराया। दोनों ही बाइक पर सवार थे। यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने इस एनकाउंटर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के पास से विदेश में बने हथियार भी बरामद किए गए हैं।

बेटे के एनकाउंटर की सुन कोर्ट में रोया अतीक
अपने तीसरे नंबर के बेटे असद के एनकाउंटर की खबर मिलते ही अतीक अहमद कोर्ट रूम में फूट-फूटकर रोने लगा गला सूखा तो पानी मांगा और सिर पकड़कर बैठ गया। इस दौरान कोर्ट रूम में उमेश पाल अमर रहे, योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारे लगने लगे।

माफियाओं को मिट्टी में मिलाकर ही लेंगे दम
असद के एनकाउंटर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। एक-एक माफिया को मिट्टी में मिलाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि एक अपराधी का ऐसा अंजाम बताता है कि माता-पिता को ध्यान रखना चाहिए कि वो बच्चों को अपराधी नहीं बनाएंगे और उन्होंने अपराधी नहीं बनाया होता तो अतीक के बेटे असद का अाज यह अंजाम नहीं होता।
कोर्ट ने अतीक अहमद व उसके भाई की 14 दिन की रिमांड को दी मंजूरी
सीजेएम कोर्ट ने अतीक अहमद और अशरफ की 14 दिन की रिमांड की मंजूरी दे दी है। इस पर पिछले दो घंटे से बहस चल रही थी। इसी बीच अतीक को उसके बेटे के मारे जाने की जानकारी भी दी गई। दोनों नैनी जेल में बंद रहेंगे। उधर, कोर्ट से बाहर निकलते ही वकीलों ने अतीक पर जूता फेंककर मारा।
दिल को मिला सुकून
उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा कि अतीके के बेटे असद के एनकाउंटर के साथ इंसाफ की शुरूआत हुई है। असद के एनकाउंटर से उनके दिल को बहुत सुकून मिला है। उन्हें असली तसल्ली और न्याय तो उस दिन मिलेगा जिस अतीक का भी एनकाउंटर होगा।