पुण्यतिथि पर याद किए डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन
इगलास। क्षेत्र के गांव तोछीगढ़ में सोमवार को परोपकार सामाजिक सेवा संस्था ने भारत रत्न से अलंकृत देश के प्रथम उपराष्ट्रपति व द्वितीय राष्ट्रपति शिक्षाविद डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पुण्यतिथि मनाई। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी व सदस्यों ने डॉ. सर्वपल्ली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अध्यक्ष जतिन चौधरी ने कहा कि सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्वतंत्र भारत के प्रथम उप-राष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति रहे थे। वे शिक्षा को एक मिशन मानते थे। उन्होंने समाज धर्म, और दर्शन का गहरा अध्ययन किया और कई प्रमुख पुस्तकें लिखी। वे भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद, महान दार्शनिक और एक आस्थावान हिंदू विचारक थे। 1954 में भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया था। उनके ज्ञान मूल्य भावी पीढ़ी को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर शिवा, अजय कुमार, दीपक कुमार, पवन कुमार, भरत सिंह, यश कुमार, सूरज चौधरी, युवराज सिंह, साधना सिंह आदि मौजूद रहे।