नायब तहसीलदार ने 150 बच्चों को बांटी पाठन सामग्री, बच्चों के खिले चेहरे
गभाना। नायब तहसीलदार संदीप चौधरी ने निजी खर्चे पर गरीब व जरुरतमंद बच्चों को सरकारी स्कूल में पहुंचकर पाठन सामग्री का वितरण किया। जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान उभर आई।
नायब तहसीलदार ने खेमपुर, भगवानपुर, नूरल्लापुर (नूरपुर) के प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर करीब 150 बच्चों को बैग, कापी, पेंसिल, रबर, किताब समेत विभिन्न पाठन सामग्री वितरण की। इस दौरान नायब तहसीलदार ने कहा कि शिक्षा का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। शिक्षा और ज्ञान न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था के विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश में हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है। उन्होंने मौजूदा लोगों से गरीब व जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की अपील की। इस मौके पर अनीता, राजेश कुमारी, शिवकुमार, रीमा रानी, भावना शर्मा, मधु कुमारी, अनेंद्र कुमार, शिखा चौधरी, संध्या, अनीता, पुष्पा, राेहित, प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।