रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कजरौठ में बिजली कनेक्शन काटने पर ग्रामीणों ने जेई व लाइनमैन को दौड़-दौड़ा कर पीटा

जेई ने तीन नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

इगलास। क्षेत्र के गांव कजरौठ में मंगलवार को चेकिंग करने गई विद्युत विभाग के जेई व लाइनमैन को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर मारपीट कर डाली। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मामले में जेई ने तीन नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इगलास विद्युत सब स्टेशन पर तैनात जेई आशीष सिंह लाइन स्टाफ श्याम सुंदर, सुशील कुमार, प्रवेश कुमार, भीकम पाल टीटू, बिजेंद्र सिंह व विपिन कुमार के साथ कजरौठ गांव में चेकिंग करने के लिए गए थे। टीम ने बकाएदारों को चिन्हित कर कनैक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी। आरोप है कि जैसे ही वह बकाएदार विष्णु के घर का कनैक्शन काटकर मीटर उतारकर ले जाने लगे, तभी गांव के कुछ लोग एकत्रित हो गए और टीम से झगड़ा करने लगे। आरोप है कि जैसे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो टीम पर लाठी-डंडों व ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। ग्रामीण लाइनमैन को पकड़कर पीटने लगे तो जेई बीच-बचाव को आए। जिस पर ग्रामीणों ने जेई के साथ भी मारपीट कर डाली। जेई के साथ मारपीट होते देख अन्य विद्युतकर्मी मौके से भाग गए। गांव के अन्य ग्रामीणों ने विद्युतकर्मियों को बमुश्किल बचाया। मारपीट में जेई का मोबाइल भी टूट गया। जेई ने गांव के बाहर जाकर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। सूचना पर एक्सईएन, एसडीओ, जूनियर इंजीनियर संघ के अध्यक्ष प्रवीन शाक्य व सचिव प्रेम चंद्र गोला आदि भी पहुंच गए। जेई ने कृष्णा, विष्णु, सुरेश समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं विद्युतकर्मियों के साथ मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!