नगला पदम में प्रशासन ने ग्राम सभा की 80 बीघा भूमि को किया चिन्हित
गभाना। तहसील क्षेत्र के गांव नगला पदम में बुधवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम ने ग्राम सभा की करीब 80 बीघा भूमि का चिन्हांकन किया है।
नायब तहसीलदार चंडौस संदीप चौधरी ने बताया कि नगला पदम में वर्ष 1997 में 215 लोगों का अावंटन किया गया था। जिन्हें 2006 में तत्कालीन डीएम ने निरस्त कर दिया था। तभी से उक्त भूमि पर आए दिन लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। बुधवार को एसडीएम केबी सिंह के आदेश पर उन्होंने राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उक्त भूमि की पैमाइश कराकर करीब 80 बीघा भूमि को चिन्हित किया है। उन्होंने बताया कि करीब एक हजार बीघा भूमि ग्राम सभा की है। जिसे जल्द ही चिन्हित कर कब्जे में लिया जाएगा। नायब तहसीलदार ने कहा कि ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ टीम की लगातार कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी ने भी चिन्हित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जाएगा। इस दौरान टीम में कानूनगो श्रीकांत, लेखपाल कौशलेंद्र यादव, मुकेश कुमार, रेशमपाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।