230 बीघा भूमि को प्रशासन ने कराया कब्जामुक्त
गभाना। तहसील क्षेत्र के गांव नगला पदम में प्रशासन ने दूसरे दिन भी अभियान चलाकर कुल 230 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराने के साथ ही ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया।
एसडीएम गभाना के आदेश पर नगला पदम में नायब तहसीलदार संदीप चौधरी के नेतृत्व में टीम अभियान चलाकर ग्राम सभा की भूमि को कब्जा मुक्त कराने में जुटी हुई हैं। नायब तहसीलदार संदीप चौधरी ने बताया कि गांव में करीब 1000 बीघा भूमि ग्राम सभा की है। जिस पर वर्ष 1997 में 215 लोगों का पट्टा अावंटन किया गया था। जिन्हें 2006 में तत्कालीन डीएम के आदेश पर निरस्त कर दिया था। तभी से उक्त भूमि पर लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। बुधवार को टीम ने करीब 85 बीघा भूमि की पैमाइश कर चिन्हित किया।
वहीं गुरुवार को करीब 145 बीघा भूमि की पैमाईश कर चिन्हित किया। उन्होंने बताया कि कुल 230 बीघा भूमि को चिन्हित कर जेसीबी की मदद से ढूलबंदी कराने के बाद ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शेष बची भूमि को भी जल्द ही कब्जे में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कब्जे में ली गई ग्राम सभा की भूमि पर यदि किसी ने भी कब्जा करने का प्रयास किया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। इस दाैरान टीम में कानूनगो श्रीकांत, लेखपालकौशलेंद्र यादव, मुकेश कुमार, रेशमपाल सिंह, गोपी पांडेय, विपिन शर्मा, विनोद कुमार, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।