रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

ना चुनाव प्रचार ना मतदाताओं से गुहार, बिना चुनाव लड़े ही जीते गभाना के राजकुमार

गभाना। नगर निकाय चुनाव में भले ही गभाना नगर पंचायत में पहली बार अध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए चुनाव हो रहा है, लेकिन चुनाव मैदान में उतरे दावेदारों ने एक दूसरे को मात देने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रखी है। चुनाव में इन दिनों बेहद दिलचस्प नजारे भी देखने को मिल रहे हैं। सबसे मजेदार नजारा गभाना के वार्ड संख्या चार भरतपुर में देखने को मिला है। यहां से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार माहौर बेहद भाग्यशाली प्रत्याशी रहे हैं। इन्होंने एकमात्र प्रत्याशी के रूप में यहां से नामांकन किया था। किसी दूसरे प्रत्याशी के नामांकन न करने से राजकुमार यहां पर बिना चुनाव लड़े ही निर्विरोध घोषित हो गए हैं। सबसे खास बात है कि राजकुमार को ना तो मतदाताओं के पास जाकर वोट मांगने के लिए गुहार लगानी पड़ी और ना ही चुनाव प्रचार में किसी प्रकार की खर्चा खराबी भी करनी पड़ी। जिले की 15 नगर पंचायतों में पहले प्रत्याशी हैं जिन्हें निर्विरोध सदस्य पद पर चुना गया है। नामांकन वापसी के साथ ही उनके निर्वाचन की घोषणा रिटर्निंग ऑफिसर के स्तर से कर दी गई। राजकुमार माहौर के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। गभाना नगर पंचायत का चुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष पद के लिए यहां पर 09 प्रत्याशी आमने-सामने हैं। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व विधायक बरौली ठाकुर दलवीर सिंह की पुत्रवधू पुष्प लता सिंह प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह बसपा ने रविंद्र पाल सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। आम आदमी पार्टी ने बसपा से नाता तोड़कर आने वाले पूर्व प्रधानाचार्य अनिल शर्मा को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं रालोद ने सुरेंद्र सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस समेत अन्य किसी भी दल के प्रत्याशी को यहां से चुनाव मैदान में नहीं उतारा गया है। जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गभाना राजा कुंवर अभिमन्यु राज सिंह, दलबीर सिंह मोहरेना, विशाल भट्ट उर्फ रामू पंडित समेत कुल 09 प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इसी तरह 15 वार्ड सदस्यों के लिए 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में एक दूसरे के आमने-सामने हैं। यहां दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होगा। जिसके लिए 10 मई को धनीपुर मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। 13 मई को गभाना अनाज मंडी में गभाना, बरौली, चंडौस एवं पिसावा नगर पंचायत की मतगणना होगी। उधर चुनाव में उतरे अध्यक्ष पद एवं वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है। समर्थक व उनके पक्ष में प्रचार करते हुए घूम रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटन होगा। इसके बाद चुनाव प्रचार और भी जोर पकड़ेगा।

विज्ञापन

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!