रालोद ने अध्यक्ष पद की प्रत्याशी कमलेश शर्मा को दिया समर्थन
इगलास। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने निकाय चुनाव में इगलास नगर पंचायत से अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी कमलेश शर्मा को समर्थन देने का पत्र जारी किया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष के पत्र को निवर्तमान जिलाध्यक्ष कालीचरण सिंह, पूर्व विधायक खैर भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, विधान सभा प्रत्याशी रहे वीरपाल दिवाकर ने कमलेश शर्मा व हरीश शर्मा को सौंपा और पूर्ण आश्वासन दिया कि पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ निष्ठा से कार्य करेंगे। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी मुखिया के निर्देश का सभी कार्यकर्ता पालन करेंगे और पार्टी द्वारा समर्थित प्रत्याशी के चुनाव में सहयोग करेंगे। प्रत्याशी ने समर्थन देने पर रालोद नेताओं का आभार प्रकट किया।
समय के साथ बदल गए चुनाव प्रचार के तरीके
निकाय चुनाव में चाय की दुकान हो या पान का खोखा हर ओर चुनाव की चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष पद व सदस्य पद के दावेदार मतदाताओं को आकर्षित करने की खींचतान में लगे हैं। हालांकि अब चुनाव प्रचार का पहले जैसा शोर गुल नहीं रहा। टेक्नोलाजी के युग में चुनाव प्रचार के तरीके भी बदल गए हैं। पहले चुनाव में डिजीटल माध्यम का प्रयोग नहीं होता था। चुनाव प्रचार में बुग्गी या रिक्शे से बंधे लाउड स्पीकर से प्रचार होता था। वादों और दावों की घोषणा भी ऐसे ही की जाती थी। चुनाव के दौरान दिन भर भोपुओं की आवाज सुनाई देती थी। देर सांय चुनाव के प्रचार के लिए बिजली न होने पर प्रत्याशी समर्थकों के साथ उजाले के लिए हंडा लेकर जाते थे। बुग्गी व रिक्शे पर माइक बांधकर प्रचार होता था।