पुलिस ने चोरी की बाइक समेत एक युवक को पकड़ा, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक राम कुंवर सिंह ने बताया कि सोमवार रात्रि में एसआई अमित कुमार मय फोर्स के नगर में गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें एक बाइक सवार युवक आता दिखाई पड़ा। पुलिस टीम ने उसे रूकने को इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर बाइक वापस मोड़ कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम को शक होने पर उसे देसी शराब के ठेका के पास से पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम योगेश पुत्र चोब सिंह निवासी रूहल थाना सासनी जनपद हाथरस बताया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने बाइक को करीब एक वर्ष पूर्व इगलास के वेसवां की गिरिराज कालोनी से चुराया था।
तमंचा के साथ किया गिरफ्तार
गभाना। थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक राम कुंवर सिंह ने बताया कि पैराई चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह मय फोर्स के सोमवार रात्रि में हाईवे ओगर कट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आेगर गांव की तरफ से आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने युवक का पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना बिंटू उर्फ बिट्टू निवासी गोकुलपुर थाना गभाना बताया। जामा तलाशी में उसके कब्जे से अवैध तंमचा व कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है।
दो वारंटीयों को किया गिरफ्तार
पिसावा। पिसावा थाना पुलिस ने कोर्ट में चल रहे अलग-अलग मामलों में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। थाना प्रभारी पिसावा उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि मढ़ाहबीपुर निवासी देवपाल व गनेशपुर निवासी लालाराम कोर्ट में चल रहे अलग-अलग मामलों में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहे थे। जिस पर कोर्ट ने दोनों के खिलाफ वारंट जारी किया था। कोर्ट से जारी वारंट के आधार पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया है।
विज्ञापन 
