हरीश शर्मा ने किया कमलेश शर्मा की जीत का दावा, कहा सर्व समाज का मिल रहा समर्थन
अलीगढ़। मतदाताओं को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए प्रत्याशी स्वयं तो दर-दर घूम ही रहे हैं, उनके समर्थक भी खूब जोर लगा रहे हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए हर संभव प्रयास अपनाए जा रहे हैं। नगर में जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं हो रही है। प्रचार माध्यम के रूप में संगीत का प्रयोग भी खूब हो रहा है। इगलास नगर पंचायत अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व चेयरपर्सन कमलेश शर्मा ने समर्थकों के साथ नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। आश्वासन दिया कि यदि चुनाव में जनता का आशीर्वाद मिला तो इगलास नगर पंचायत की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपने चुनाव चिन्ह जीप पर मुहर लगाकर भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
वहीं, इगलास नगर पंचायत अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व चेयरपर्सन कमलेश शर्मा के पति समाज सेवी हरीश शर्मा ने जगह-जगह नुक्कड़ सभा कर इगलास नगर पंचायत अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व चेयरपर्सन कमलेश शर्मा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इगलास की जनता ने मूड बना लिया है और कमलेश शर्मा को 70 फीसद वोट मिलेंगे। अन्य प्रत्याशी सिर्फ तीस फीसद वोटों पर सिमट कर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह इगलास नगर पंचायत के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव जीतने के बाद तमाम समस्याओं का युद्ध स्तर पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने विपक्षीयों पर भी जमकर प्रहार किया और विकास कार्य को लेकर वायदा करते हुए इगलास नगर पंचायत को मॉडल नगर पंचायत बनाने का आश्वासन दिया। हरीश शर्मा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ लोगों से डोर टू डोर जनसंपर्क करके वोट मांगे। उन्होंने मतदाताओं से कमलेश शर्मा के चुनाव चिन्ह जीप पर मुहर लगाकर भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की।