ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, भाभी की मौत, देवर गंभीर घायल
लाेधा। हाईवे पर खेरेश्वर चौराहा के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भाभी की मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार खैर थाना क्षेत्र के गांव भूरेका निवासी मोहन शनिवार दोपहर में बाइक से भाभी मिथलेश देवी को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में दवा दिलाने जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर खेरेश्वर चौराहा के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय मिथलेश देवी की ट्रक के पहिया के नीचे कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक को ट्रक के साथ पकड़ लिया। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया, जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका तीन बच्चों की मां थी।
अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, दंपत्ति समेत चार घायल
अलीगढ़। थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव गोपी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ी निवासी कमल सिह पुत्र नेकराम शनिवार को पत्नी पूनम, बेटी तान्या, लवानिया के साथ बाइक से गोपी से दवा दिलाकर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चारों गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस की मदद से अकराबाद स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
