मतदान के प्रति मतदाताओं में काफी जोश, बूथों पर सुबह से लगी लंबी-लंबी लाइन
गभाना। नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को गभाना नगर पंचायत में हो रहे पहली बार चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी जोश देखने को मिल रहा है। इस दौरान सुबह से ही गभाना के श्री लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज, रामपुर, कन्होई, श्यामपुर, सोमना, पनिहावर, कटरा, मोहरेना आदि बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। बता दें कि गभाना नगर पंचायत में चैयरमैन पद को 9 प्रत्याशी तथा 15 वार्ड में सभासद पद को 51 प्रत्याशी अपना भाग्य अाजमा रहे हैं, जिनके भविष्य का फैसला आज मतदाता मतपेटिकाओं में बंद कर देंगे। वहीं समर्थकों में भी अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों की हार-जीत को लेकर बहस देखी जा रही है। लेकिन आगामी 13 मई को मतगणना व चुनाव परिणामों के घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि आखिर कौन होगा गभाना नगर पंचायत का चैयरमैन। वहीं मतदान को लेकर गभाना, सोमना, कटरा मोड़ आदि बाजार भी बंद रहे। चुनाव को शांति पूर्ण तरीके से निपटाने के लिए मतदान केंद्रों पर भारी फोर्स तैनात है, वहीं अधिकारी भी मतदान केंद्रों पर लगातार पहुंचकर निगरानी करने में जुटे हुए हैं।
गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई -एसडीएम
एसडीएम केबी सिंह ने कहा कि चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नही होने दी जायेगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। उन्होने बताया कि चुनाव में गड़बड़ी करने वाले तथा वोटरों को किसी भी प्रकार से धमकाकर उन्हें वोट डालने से रोकने वाले लोगों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है। अगर उन्होने कोई गड़बड़ी करने का प्रयास किया तो उन्हें इसका खामियाजा जेल के सीखचों के पीछे जाकर भुगतना पड़ेगा। उन्होने मतदाताओं से बैखौफ होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होने बताया कि मतदान केंद्रों पर बड़ी मात्रा में पुलिस व पीएसी बल तैनात है। इसके अलावा संबंधित सुपर जोनल, जोनल, सैक्टर मजिस्ट्रेट, क्लस्टर मोबाइल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं। साथ ही चुनाव में विघ्न डालने वालों पर पैनी नजर बनाए हुए है।