इगलास में वोट डालने के लिए मतदाताओं में दिखा गजब का उत्साह
इगलास। नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के तहत इगलास व बेसवां नगर पंचायत क्षेत्र में वोटिंग प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई। मतदाताओं में अपने नगर की सरकार चुनने के लिए उत्साह देखा जा रहा है। मतदान की प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। कतार में खड़े सभी मतदाताओं को मतदान करने का मौका मिलेगा। चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। इगलास से अध्यक्ष पद के पांच व और बेसवां से अध्यक्ष पद के छह प्रत्याशियों के साथ ही चुनावी दंगल में उतरे सदस्य प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटियों में बंद हो जाएगा। इगलास के कुल 16900 मतदाता, जिनमें 8804 पुरूष मतदाता, 8096 महिला मतदाता और बेसवां में कुल 5086 मतदाता, जिनमें 2696 पुरूष मतदाता, 2390 महिला मतदाता अपने वोट का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेगें। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए स्थानीय स्तर पर पुलिस-प्रशासन की ओर से पूर्ण तैयारियां कर ली गई थी। किसी भी प्रकार की गडबडी रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोवस्त किए गए है। इगलास व बेसवां नगर पंचायत में एक-एक बूथ को पिंक बूथ बनाया गया है उपजिलाधिकारी महिमा राजपूत ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। किसी भी व्यक्ति द्वारा मतदान प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि शांति पूर्वक तरीके से स्वत्रंत व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए गए है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस की मोबाइल पार्टी लगातार भ्रमण करेंगी। इगलास व बेसवां दोनों नगर पंचायतों को दो-दो सेक्टरों में बांटा गया है।