वृद्धा की धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव डेटा कलां में घर में सो रही वृद्धा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। गुरुवार को घर में कोई हलचल न होने पर ग्रामीणों को शक होने पर घटना की जानकारी हो सकी। वृद्धा की हत्या की जानकारी पर इलाका पुलिस के अलावा सीओ खैर, फॉरेंसिंक व एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किए।
गांव डेट कलां निवासी 70 वर्षीय भगवती देवी के पति राजपाल सिंह की कई वर्ष पूर्व व एक बेटा की कई महीनों पूर्व मौत हो चुकी थी। जबकि उनका एक बेटा बब्बू दिल्ली के गाजीपुर मंडी में पनीर का व्यापार करता है। बुधवार रात्रि में भगवती देवी घर पर अकेली थी। ग्रामीणों के अनुसार रात्रि में गांव में एक बरात आई थी करीब 11:30 बजे भगवती देवी ने घर के दरवाजे पर खड़े होकर बरात भी देखी थी। उसके बाद वह घर के अंदर सोने के लिए चली गई। गुरुवार सुबह करीब दस बजे तक घर के अंदर कोई भी हलचन न होने पर लोगों को शक हुआ। जिस पर पड़ोसियों ने उनके घर खिड़की खाेलकर अंदर देखा। जिस पर उनके उनके होश उड़ गए। भगवती देवी मृत अवस्था में लहुलुहान पड़ी हुई थी। उनकी गर्दन पर किसी धारदार हथियार से काटने के निशान थे, जबकि उनके कानों से भी कुंडल गायब थे। वृद्धा की हत्या की जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा सीओ खैर राकेश कुमार सिसौदिया, फाॅरेसिंक व एसओजी की टीम मौके पर पहुंच गई और घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि कही घर में लूट के इरादे से तो कहीं वृद्ध महिला की हत्या तो नहीं की गई है। इस संबंध में सीओ खैर राकेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि किसी धारदार हथियार से वृद्धा की हत्या की गई है। पुलिस मामले जांच कर रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।
घेर की दीवार काटकर भैंस चोरी
पिसावा। कस्बा में बुधवार की रात में किसान के घेर में बंधी भैंस को चोर दीवार काटकर चोरी कर ले गए। मामले में पीड़ित किसान ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
कस्बा पिसावा निवासी किसान बच्चू सिंह पुत्र लखपत सिंह के पशु घेर में बंधे रहते हैं। हर दिन की तरह बुधवार रात को भी पशु घेर में ही बंधे हुए थे। देर रात में चोर घेर की दीवार काटकर वहां बंधी भैंस व कटिया को चोरी कर ले गए। गुरुवार तड़के जब वह पशुओं को चारा डालने पहुंचे तो दीवार कटी देख पर खूंटे पर भैंस व कटिया न देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी पर आस-पड़ोस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पीड़ित किसान ने ग्रामीणों के साथ भैंस को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। मामले में पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।