रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बिजली के तारों से निकली चिंगारी से बुर्जी व बिटोरा जलकर राख

पिसावा। क्षेत्र के गांव मढ़ा हबीबपुर में गुरुवार देर रात्रि में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से बुर्जी-बिटोरा जलकर राख हो गए।

गांव के किसान बनवारी लाल शर्मा के खाली स्थान पर बुर्जी व बिटोरा रखे हुए थे। देर रात्रि में ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से बुर्जी में आग लग गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का भरसक प्रयास करने लगे। लेकिन आग ने पास ही में रखे बिटोरा को भी अपनी चपेट में लेते हुए उग्र रूप धारण कर लिया। सूचना पर गभाना व टप्पल फायर स्टेशन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक किसान का हजारों रुपये का भूसा व उपले जलकर राख हो गए। वहीं शुक्रवार को गभाना के मोरहना गांव में सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर में आ लग गई। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के साथ आग ने आबादी की ओर रूख कर लिया। जिस पर ग्रामीणों ने सूचना गभाना फायर स्टेशन को दे दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

कोर्ट के आदेश पर मारपीट व जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने की रिपोर्ट दर्ज

पिसावा। क्षेत्र के गांव राऊपुर में पांच दिन पूर्व हुई मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

राऊपुर निवासी करूआ सिंह ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि सोमवार को गांव करूआ, तीर्थ, कुशल बल्लू, गोलू, अरविंद, तुषार, गुलवीर, अंकित व निशांत आदि हाथों में लाठी डंडे व फरसा लेकर घर में घुस आए। उस समय घर पर मां व बहन अकेली थी। उक्त लोगों ने दोनों के साथ जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए मारपीट कर डाली। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शोर- शराब सुनकर बीच-बचाव को जब वह पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट करते हुए घायल कर दिया। एसएसआई लखमी सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

वृद्धा की हत्या के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ

पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव डेटा कलां में हुई बुर्जुग महिला की हत्या के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ रही।

बता दें कि पिसावा थाना क्षेत्र के गांव डेटा कलां में 72 वर्षीय भगवती देवी गांव में अकेली रहती थी, जबकि उनका बेटा ओमप्रकाश उर्फ बब्बू ठेकेदार दिल्ली में रहकर गाजीपुर मंडी में पनीर का व्यापार करता है। बुधवार की रात में गांव में आई बारात को देखने के बाद भगवती देवी घर में सोने चली गई थी। गुरुवार को घर में कोई हलचल न होने पर आस-पड़ोस के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। जिस पर ग्रामीणों ने जब घर में झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भगवती देवी घर में लहुलुहान हालत में मृत पड़ी हुई थी। उनकी गर्दन पर किसी धारदार हथियार से काटने के निशान थे, जबकि उनके कानों से भी कुंडल गायब थे। दूसरे दिन शुक्रवार को भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर रहे। वहीं मामले में मृतका के बेटा ओमप्रकाश उर्फ बब्बू ठेकेदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में एसएसआई लखमी सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न विंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया जाएगा।

गांवरी से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की रिपोर्ट दर्ज

गभाना। क्षेत्र के गांव गांवरी से दो माह पूर्व चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्राली की थाना में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है।

मामले में गांव के किसान विपिन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 17 मार्च को उसके ट्रैक्टर-ट्राली गांव के बाहर जूनियर हाईस्कूल के पास खड़े हुए थे। जिन्हें चोर चोरी कर ले गए। तब से ट्रैक्टर-ट्राली को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

सोमना रेलवे पुल के पास से  युवक की बाइक चोरी

गभाना। सोमना रेलवे पुल के पास खड़ी बाइक को चोर चुराकर ले गए। मामले में पीड़ित थाने में तहरीर दी है।

खैर के एेंचना निवासी मोहन लाल ने बताया कि 17 मई को वह सोमना रेलवे पुल के पास बाइक को खड़ा करके ट्रेन से अजायबपुर गया था। रात्रि में वापस आने पर उसे वहां बाइक नहीं मिली। काफी तलाशने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!