हादसे में एक माह की बेटी के ऊपर से उठा पिता का साया
-अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव चौधाना मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत
खैर। क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव चौधाना मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार मथुरा के थाना सुरीर के गांव खयरा निवासी भगवान सिंह बघेल उर्फ झब्बू पुत्र वीरी सिंह बघेल अपने साथी प्रदीप फौजी पुत्र वीरेंद्र सिंह के साथ बाइक से अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर चौधाना मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों के अलावा दूसरी बाइक सवार यशपाल उर्फ नानू पुत्र सूरजपाल व श्यामवीर पुत्र सहाब सिंह निवासी बलीपुर घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने 25 वर्षीय भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था और वह एक माह की बेटी का पिता था।
———-
महिला के साथ मां-बेटी ने की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव कलुवा में महिला के साथ पड़ोस की ही मां-बेटी ने मारपीट करते हुए घायल कर दिया। आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी मां-बेटी महिला के साथ मारपीट कर चुकी है।
थाना क्षेत्र के कलुवा निवासी प्रेमवती पत्नी चंद्रपाल ने शनिवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 24 मई की शाम काे वह घर से अपने प्लाट पर उपले लेने के लिए जा रही थी। तभी रास्ते में पड़ोस की ही कमलेश व उसकी बेटी रूकमणी मिल गई। दोनों मां-बेटी उसके गाली-गलौज करने लगी। जब उसने विरोध किया दोनों ने उसके साथ मारपीट कर डाली। जिसमें वह घायल हो गई। शोर शराब सुनकर आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकर दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए चली गई। आरोप है कि पूर्व में भी मां-बेटी उसके साथ मारपीट कर चुकी है। जिसकी शिकायत उसने थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते दोनों ने फिर से उसके साथ मारपीट कर डाली। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
————-
पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या के आराेपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
पिसावा। थाना पुलिस ने पिछले दिनों डेटा कलां में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व लूटे गए कुंडल भी बरामद करने का दाबा किया है।
यह था मामला
डेटा कलां निवासी राजपाल सिंह व उनके एक बेटा की मौत हो चुकी थी। जबकि उनका एक बेटा ओमप्रकाश उर्फ डब्बू दिल्ली में रहकर पनीर का व्यापार करता है। घर पर उनकी 70 वर्षीय पत्नी भगवती देवी रहती थी। बीती 17 मई की रात को घर में सोने के दौरान उनकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन जब आस-पड़ौस के लोगों को घर में कोई हलचल न दिखी तो उन्हें शक हुआ। ग्रामीणों ने जब घर के अंदर जाकर देखा तो उनका शव लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उनकी गर्दन पर किसी धारदार हथियार से काटने के निशान थे, जबकि उनके कानों से कुंडल भी गायब थे।

पूर्व में ही पुलिस एक आरोपी को भेज चुकी है जेल
मामले में बुजुर्ग महिला के बेटा ओमप्रकाश नेे अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में गांव के ही गौरव व लालू उर्फ ललित का नाम प्रकाश में आया। जिस पर पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर कढ़ाई से पूछताछ की थी। जिसमें उसने बताया कि भगवती देवी के घर में चार कमरे बने हुए हैं। जिसमें एक कमरे में भगवती देवी रहती थी, बाकी के तीन कमरे खाली पड़े हुए थे। जिसमें गांव के लोग अक्सर शराब पीते थे। घटना से एक दिन पूर्व भी वह लालू के साथ उसके घर में शराब पी रहे थे। जिसका विरोध भगवती की बहन ने किया था। जिसके बाद अगले दिन रात्रि में वह लालू के साथ बुजुर्ग महिला के घर पर पहुंचा। वह घर के बाहर खड़ा होकर निगरानी करने लगा, जबकि लालू उर्फ ललित घर में घुस गया। जहां पर उसने भगवती देवी की गला रेत कर हत्या कर दी और उसके कानों से कुंडल लूटकर ले गया। जिस पर पुलिस ने गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि शुक्रवार रात्रि में पुलिस टीम ने हत्या के मुख्य आरोपी लालू उर्फ ललित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व लूटे गए कुंडल बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।