सुभाष चौक पर सड़क में गड्ढा बना लोगों की मुसीबत, आए दिन हो रहे हादसे
खैर। नगर के अलीगढ-पलवल मार्ग स्थित सुभाष चौक पर इन दिनों सड़क में बना गड्ढा लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सड़क में बना गड्ढा आए दिन हादसों का का कारण बना रहा है, लेकिन इस ओर कोई भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
सुभाष चौक स्थित बीच सड़क पर पुलिया डाली गई थी। जिसके बाद केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दिया। कुछ दिन बाद ही वहां पर बड़ा गड्ढा बन गया। सीमेंटेड सड़क में गड्ढा हो जाने से तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को दूर से गड्ढा दिखाई नहीं पड़ता है। जब तक उन्हें वह दिखाई पड़ता है, तब तक वह हादसे का शिकार हो जाते हैं। प्रतिदिन दो-चार बाइक सवार गड्ढे के चलते घायल होते रहते हैं। वही वाहन ख़राब व् क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। गड्ढा के चलते सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है। जबकि इस मार्ग से दिल्ली, हरियाणा व नोएडा के लिए सैंकड़ों बीआईपी गुजरते हैं, लेकिन उनका भी ध्यान इस ओर नहीं जाता है। स्थानीय लोग मामले को लेकर कई बार क्षेत्रीय विधायक व राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान, सांसद सतीश गौतम समेत उच्चाधिकारियों से कई बार लिखित व मौखिक शिकायत कर चुके हैं। बाबजूद इसे आज तक ठीक नहीं कराया गया है। शायद जिम्मेदार किसी बड़े हादसे के इंतजार में कुंभकरणीय नींद में सोए हुए हैं।
व्यापारी नेता कालीचरन विकल ने बताया कि सड़क पर गड्ढे के कारण दुर्घटनाओं की हमेशा आशंका बनी रहती है। यहां आए दिन वाहन चालक असंतुलित हो जाते है। सबसे ज्यादा दुर्घटना शाम के वक्त होती हैं, क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई नहीं दे पाता है। ठा. अशोक सिंह ने बताया कि इस गड्ढे के कारण कई लोग चोटिल हो जाते है। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायतें की जा चुकी है, लेकिन उनकी शिकायत पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।