रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

कार व मैक्स में हुई आमने-सामने भिड़त, दो डाॅक्टर समेत नौ लोग हुए घायल

अतरौली। क्षेत्र के गांव ककेथल के निकट मैक्स व कार की आमने भिड़त हो गई। हादसे में दो डॉक्टर समेत नौ लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीएचसी में तैनात डाॅक्टर सोरन सिंह व लक्ष्मी गौड़ सोमवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यकम के दौरान रायपुर-दलपतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए कार से जा रहे थे। तभी गांव ककेथल के पास सामने से तेज गति से आ रही मैक्स ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार सड़क किनारे पेड़ जा टकराई, वहीं मैक्स सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे में कार सवार डॉक्टरों के अलावा मैक्स सवार हाथरस के थाना मुरसान के कोटा पट्टू निवासी कृष्णवीर, आकाश, फोरन सिंह, योगेश, आरती, अशोक, दामिनी घायल हो गए। मैक्स सवार लोग नरौरा से गंगा स्नान करके घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।

महिला की छत से गिरकर हुई मौत

अतरौली। थाना पालीमुकीमपुर के गांव खड़ौआ में बंदर भगाने के दौरान महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।

गांव खड़ौआ निवासी संजू कुमार की 35 वर्षीय पत्नी विमलेश देवी सोमवार शाम को छत पर बंदरों को भगाने के लिए गई थी। तभी अचानक से उनका पैर फिसल गया। जिससे वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें उपचार को एक निजी डॉक्टर के यहां लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका चार बच्चों की मां थी।

———–

मजदूर का शव नाले में पड़ा मिला, मच हड़कंप

अतरौली। अलीगढ़ रोड स्थित ईदगाह के सामने में सोमवार शाम को एक मजदूर का शव नाले में उतराता मिला। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव मीरगढ़ी निवासी 40 वर्षीय श्रीनिवास पुत्र मुन्नालाल लेंटर आदि डालने का काम करते थे। इंस्पेक्टर प्रवेंद्र कुमार के अनुसार श्रीनिवास रविवार दोपहर को छर्रा अड्डे से शराब का सेवन करने के बाद घर जा रहा था। तभी वह ईदगाह के सामने बड़े नाले की पुलिया पर बैठ गया। नशा अधिक होने के चलते वह अचानक से नाले में गिर पड़ा और डूब कर मौत हो गई। सोमवार शाम को राहगीरों को उसका शव नाले में उतराता हुआ दिखाई पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक तीन भाईयों में बड़ा था और अविवाहित था।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!