इगलास। क्षेत्र के गांव ताहरपुर स्थित श्रीसिया रामेश्वर इंटर कालेज में अंतरराष्ट्रीय बाजार महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें भटोई, मोहकमपुर, नवलपुर, मौहरेनी, चंदफरी, हस्तपुर, अगोरना आदि गांवों के किसानों ने प्रतिभाग किया। किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को कार्टेवा एग्री साइंस (पयोनियर) के जाेनल मैनेजर हरीश शर्मा व जिला मैनेजर गिरीश शर्मा के साथ ही अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने मोटे अनाज की फसल में बाजरा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रमुखता से प्रकाश डाला। बताया कि बाजरा के दैनिक जीवन में उपयोग से स्वास्थ्य भी उत्तम रहता है। किसानों को बाजरा की आधुनिक तकनीकी से खेती करने की जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर ब्लाक सुपरवाइजर योगेंद्र कुमार शर्मा, अजय शर्मा, किसान सुभाष शर्मा, तेजवीर सिंह, अनिल पचौरी, अविनाश पाराशर, हरि शंकर, विनोद उपाध्याय, अभिषेक शर्मा, हरि शंकर दीक्षित, मोहन लाल दीक्षित, श्रीगोपाल सिंह, अशोक सिंह आदि थे।
क्या है बाजरा
बाजरा एक अनाज है जो दिखने में छोटे दानों की तरह होता है और जो कि भारत समेत कई एशियाई और अफ्रीकी देशों में उगाया जाता है। पूर्ण अनाज होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी लाभों का भी स्रोत है। यह अनाज अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में उगाया जाता है और विभिन्न मिनरल्स जैसे मैग्नीशियम, फास्फोरस, आयरन, कैल्शियम, जिंक और पोटेशियम का समृद्ध स्रोत होता है। इसके ग्लूटेन-फ्री गुण मधुमेह के रोगियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होते हैं।