युवा पीढ़ी में बढ़ती हुई संस्कारहीनता पर की चिंता व्यक्त
विसंगतियों और बच्चों में बढ़ती व्यसन की आदतों को लेकर पंचायत का आयोजन
इगलास। बाल संरक्षण दिवस के अवसर पर परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा गांव तोछीगढ़ में आज सामाजिक कुरीतियों, विसंगतियों और बच्चों में बढ़ती हुई व्यसन की आदतों को लेकर पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता महावीर सिंह ने व संचालन मनोज उपाध्याय ने किया। पंचायत में ग्रामीण बुजुर्गों ने समाज की वर्तमान स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
बुजुर्ग सियाराम सिंह ने युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कारों के प्रति चिंता जाहिर करते हुए कहा कि बच्चे खेलने, पढ़ने और यहां तक कि खाने के समय भी मोबाइल से अलग नहीं हो पा रहे हैं जो कि भविष्य के लिए सही नहीं है। संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने बताया कि 1 जून को विश्व बाल सुरक्षा दिवस के अवसर पर बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करते हैं। अभिवावकों की जरा सी चूक से बच्चे गलत राह पकड़ लेते हैं। अभिवावकों को उम्र के बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कारों के प्रति अधिक संजीदा होने की जरूरत है। आज बच्चों से संबंधित बढ़ते आपराधिक मामलों को देखते हुए हमें उनके प्रति अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है। वर्तमान समय में हम सबकी जिम्मेदारी है कि बच्चों से जुड़े किसी भी तरह के शोषण को रोकने के लिए ऐसे मामलों को सामने लाएं। अभिवावकों के आचरण और आसपास के माहौल का बच्चों पर बहुत अधिक असर पड़ता है। हमें बच्चों के शारीरिक, मानसिक और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को जानने और समझने की भी जरूरत है।
आज हमारी सतर्कता और व्यवहार ही भावी पीढ़ी भविष्य को सुरक्षित कर सकती है। बच्चों के विचार ऊंचे हों, खुली सोच हो लेकिन अभिवावकों के संरक्षण में ना कि किसी गलत दिशा में। बुजुर्ग राजवीर सिंह ने युवा पीढ़ी में बढ़ती हुई संस्कारहीनता पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आजकल बच्चे मोबाइल का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और घर वाले इस तरफ ध्यान ही नहीं दे रहे हैं जो कि चिंताजनक है। और इसके दूरगामी परिणाम भी अधिक घातक हो सकते हैं। इस अवसर पर मास्टर नारायन सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, किशनवीर सिंह, विजेंद्र सिंह, महाराज सिंह, कारे सिंह, कंचन सिंह, हरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, शिवचरन लाल गुप्ता, पवित्र शर्मा, सोनू वार्ष्णेय, मुकेश सिंह, राजू, नबाव खां आदि मौजूद रहे।