होमगार्ड की ड्यूटी जाने के दौरान हादसे में हुई मौत
गभाना। हाईवे पर कटरा मोड़ के पास ड्यूटी जा रहे बाइक सवार होमगार्ड को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में होमगार्ड की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
क्षेत्र के गांव पनिहावर निवासी 51 वर्षीय पवन कुमार पुत्र बुद्धपाल सिंह होमगार्ड थे। वह खैर थाना क्षेत्र स्थित यूपी डायल 112 की पीआरवी 0735 पर चालक थे। शुक्रवार शाम को वह बाइक से ड्यूटी जा रहे थे। तभी हाईवे कटरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल को एंबुलेंस की मदद से खुर्जा स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां पर डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो बच्चों के पिता थे।