Cycle Day : सेहत के लिए फायदेमंद है साइकिल
अलीगढ़। साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिल के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा गांव तोछीगढ़ में आज 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की साइकिल रेस का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीण बच्चों ने खूब बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। संस्था द्वारा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने कहा कि साइकिल दिवस हमारे लिए एक महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक आयोजन है। हर साल 3 जून को साइकिल दिवस मनाया जाता है। साइकिल दिवस मनाने की शुरुआत 2018 में हुई थी। इसका उद्देश्य देश और दुनिया में साइकिल के लाभ, इसे चलाने से होने वाली सुरक्षा और सरलता की जागरूकता फैलाने के लिए हर साल इस दिवस का आयोजन किया जाता है। साइकिल चलाना हमारे लिए आसान और उपयोगी है। साइकिल हमारे पर्यावरण के लिए फायदेमंद है तो वहीं साइकिल चलाना सेहत के लिए भी लाभकारी है। ऐसे में साइकिल का हमारे जीवन में एक अहम स्थान है।
अगर एक वाहन के तौर पर देखें तो भारतीय परिपेक्ष्य में बहुत से लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। यह पर्यावरण की दृष्टि से एक बहुत ही अच्छा साधन है। साइकिल चलाने से वजन भी कम हो जाता है और एक अच्छा व्यायाम भी है। विश्व साइकिल दिवस के दिन हमारा दायित्व बनता है कि हम सभी लोगों को साइकिल चलाने के प्रति जागरूक करें। यह हमारे लिए तथा हमारे पर्यावरण के लिए लाभदायक है। इस अवसर पर राजवीर सिंह, कमल तिवारी, प्रवीन, गौरव, गोलू, कृष्णा, दुष्यंत, निर्मल, आर्यन, शिवा, सुमित, तनुज, छोटू, नकुल,चीकू, डब्बू, सलमान, तनिष्क, सूरज आदि मौजूद रहे।