ब्रज के ऐसे लाल थे पंड़ित श्री ब्रजलाल
इगलास। साहित्य मंच द्वारा आयोजित कवि गोष्ठी में प्रख्यात शिक्षाविद, एलबीएस कालेज के संस्थापक व पूर्व प्रधानाचार्य ब्रजलाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति व स्वजन के धैर्य के लिए प्रभु से प्रार्थना की। अध्यक्षता बनवारीलाल पुष्प ने की तथा गोष्ठी का आयोजन श्रीप्रकाश सृजन के आवास पर हुआ।
कविता के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए कवि ब्रजेश पंडित ने छीना है काल ने हाथ से आपको, भूल पाएंगे ना हम कभी आपको। बनवारीलाल पुष्प ने स्वर्गीय ब्रजलाल को श्रद्धा सुमन चढ़ाऊ, तन से और मन से उन्हें नित नित शीश झुकाऊं। श्याम बाबू चिंतन ने इतिहास कई रच दिए कीने ऐसे काम, पंडित श्रीब्रजलाल को बारंबार प्रणाम। दीपेश बिल्टू ने निर्भय थे कर्मठ रहे सच करते तत्काल, ब्रज के ऐसे लाल थे पंडित श्रीब्रजलाल। देवेंद्र देव ने देकर के आशीष जो पहुंचे प्रभु के द्वार, कृपा सतत करते रहें नमन हजारों बार। श्रीप्रकाश सृजन ने मन के जिद्दी धुन के पक्के वक्ता विकट छुड़ाते छक्के, शिव भक्तों की ज्वलित मशाल शिक्षा विद पंडित ब्रजलाल कविता पढ़ी। राकेश राजस्थानी ने जब हम अनपढ़ थे, रहते थे हिल मिल कर के गांवों में कविता पढ़ी। वहीं, प्यारेलाल शांत, गाफिल स्वामी, प्रमोद गोला ने भी कविता पाठ कर श्रद्धांजलि दी।
सात को एलबीके स्कूल में होगी श्रद्धांजलि सभा
डाॅ. नरपतिदेव भारद्वाज ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री कालेज के संस्थापक व पूर्व प्रधानाचार्य ब्रजलाल शर्मा के देवलोकगमन स्वरुप आयोजित श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 07 जून को दोपहर 12 बजे एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगा।