Fire: कबाड़ गाेदाम में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
अलीगढ़। रोरावर थाना क्षेत्र में गोड़ा पुल के पास सोमवार देर शाम को कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। जिससे आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया।
तीन दमकल की गाड़ियों ने बुझाई आग
नीबरी बाग निवासी गुलशेर खां का रोरावर क्षेत्र में कबाड़ का गोदाम हैं। देर शाम को करीब नौ बजे अचानक से गोदाम में आग लग गई। गोदाम से धुंआ उठता देख बड़ी संख्या में आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कबाड़ गोदाम में आग लगने की सूचना इलाका पुलिस के अलावा पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। सूचना पर यूपी डायल 112 की पीआरवी व तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं आग में लाखों रुपये का कबाड़ जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
———-
बाइक की टक्कर से किसान की हुई मौत
अलीगढ़। खैर थाना क्षेत्र के सोफा नहर के पास पैदल जा रहे किसान को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल किसान की एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान माैत हो गई। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार खैर थाना क्षेत्र के गांव विसायतगढ़ी निवासी 50 वर्षीय गंभीर सिंह पुत्र डोरी सिंह किसान थे। रविवार शाम को वह घर से पैदल फार्म हाउस जा रहे थे। तभी सोफा नहर के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने उन्हें अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर सोमवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक किसान दो बच्चों के पिता थे।
———-
शादी का झांसा देकर महिला से दो साल तक आरोपी करता रहा दुष्कर्म
अलीगढ़। हरदुआगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ शादी का झांसा देकर गांव का ही एक युवक दुष्कर्म करता रहा। जब पीड़िता ने आरोपी से शादी का प्रस्ताव रखा तो उसके साथ मारपीट कर डाली। पीड़िता ने SSP ने मदद की गुहार लगाई है।
हरदुआगंज के एक गांव की महिला ने SSP को दिए शिकायती प्रार्थन में बताया कि गांव के ही एक युवक का उसे घर आना-जाना था। करीब दो वर्ष पूर्व आरोपी से नजदीकियां बढ़ गई। आरोपी महिला को ताला नगरी स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर बुला ले गया। जहां पर उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। दो साल से आरोपी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर डाली। आरोपी अब उसे धमकी भी दे रहा है। मामले में जब वह थाने पहुंची तो मारपीट का मामला बताते हुए उसे टरका दिया गया। मामले में SSP ने हरदुआगंज थाना प्रभारी को जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।