दहेज न मिलने पर पति बनाता था अप्राकृतिक संबंध
अलीगढ़। इगलास कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती का कहना है कि उसकी शादी तीन मार्च 2021 को थाना चंडौस क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे। पति अप्राकृतिक संबंध बनाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। विगत आठ मई को ससुरालीजन ने उसके साथ मारपीट की जिससे उसके चोटें आई थी। सूचना पर पहुंचे स्वजन किसी प्रकार उसे बचाकर मायके लाए। पीड़िता ने इस संबंध में राज्य महिला आयोग में शिकायत की थी। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर पति, सास, ससुर के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
महिला से की छेड़छाड़
इगलास कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि सोमवार की रात्रि करीब आठ बजे गांव के ही रामवीर ने उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर मारपीट की। बचाने आए एक व्यक्ति के साथ भी आरोपित ने अपने साथियों विजयपाल, नाहर सिंह, राजकुमार के साथ मिलकर मारपीट की और फरसे से सर फाड़ दिया। कार्रवाई कराने पर आराेपितों ने जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।