जल निगम कर्मी के घर से दो दिन पूर्व हुई लाखों की चोरी में रिपोर्ट दर्ज
मूसेपुर में छत पर सो रहे थे परिजन, पीछे से चोर कर ले गए हाथ साफ
लोधा। थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में बुधवार को जल निमम कर्मी के घर से हुई लाखों की चोरी के मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मामले में मूसेपुर निवासी बिजेंद्रपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह जल निगम विभाग में कार्यरत है। बुधवार की रात्रि में वह परिजनों के साथ छत पर सोए हुए थे। रात्रि में चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। इस दौरान चोर कमरे में रखे एक संदूक को उठाकर ले गए। जिसमें करीब डेढ़ लाख के जेवरात व एक लाख रुपये की नगदी रखी हुई थी। गुरुवार सुबह जब परिजन जाग कर छत से नीचे उतकर आए तो कमरे में बिखरा सामान देखकर व संदूक गायब देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना से जानकारी जुटाई। इस दौरान पुलिस को खाली संदूक पास ही के खेतों में पड़ा मिला। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।