अमृतपुर में दिन-दहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
तीन चोरों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल किया बरामद
चंडौस। क्षेत्र के गांव अमृतपुर में गुरुवार को दिन-दहाड़े घर का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का थाना पुलिस ने दो शातिर चोर व चोरी का सामान खरीदने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया हुआ माल भी बरामद किया है।
घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात हुए थे चोरी
अमृतपुर निवासी नरेंद्र सिंह ने थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि वह गुरुवार सुबह घर का ताला लगाकर पत्नी को दवा दिलाने के लिए अलीगढ़ गए थे। दोपहर को करीब तीन बजे जब वह घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ था, जबकि कमरे में रखी अलमारी से जेवरात व अन्य कीमती सामान गायब मिला।
24 घंटे में ही पुलिस ने किया खुलासा
इंस्पेक्टर चंडौस सीता राम सरोज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम चोरों की तलाश में जुट गई। जिस पर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने नाम दिलीप पुत्र चंद्रपाल व कालिया उर्फ यतीश पुत्र प्रहलाद सिंह निवासीगढ़ अमृतपुर बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए माल को गांव के ही योगेश कुमार को बेचने की बात बताई। जिस पर पुलिस ने योगेश को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के कब्जे से गुरुवार को चोरी हुए जेवरात के अलावा बैटरी, चार पंखे व 970 रुपये बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी काफी शातिर किस्म के हैं, जो आए दिन नकबजनी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पकड़ने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इंस्पेक्टर सीताराम सरोज
उपनिरीक्षक श्रवण कुमार
हेड कॉस्टेबल अवनेश कुमार
कॉस्टेबल देवेन्द्र सिंह
कॉस्टेबल लेखराज सिंह