पूर्व विधायक के बिगड़े बोल, लव-जिहाद नहीं खत्म होगा, इससे बनती हैं सरकारें
हाजी जमीरउल्लाह के बिगड़े बोल से हिंदुत्ववादी नेताओं में गुस्सा
अलीगढ़। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है। कुछ नेता भड़काऊ और विवादित बयान के माध्यम से अपने को चमकाने में लगे हुए हैं।
अपने विवादित बयानों के कारण चर्चाओं में रहने वाले पूर्व सपा विधायक हाजी हमीर उल्लाह खान एक बार फिर अपने बयान के कारण चर्चाओं में हैं। इस बार उन्होंने लव जिहाद पर अपना बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इस देश में लव-जिहाद कभी खत्म नहीं होगा।
पूर्व विधायक ने दिया अजीबो-गरीब बयान
पूर्व विधायक ने कहा कि पहले लव से घर बसा करते थे और परिवार बनते थे। लेकिन अब लव-जिहाद से सरकारें बन रही हैं। सरकार के पास इसके अलावा कोई दूसरा मुद्दा नहीं है और 2024 में चुनाव आने वाले हैं। इसलिए वह इसी मामले को मुद्दा बनाकर चुनाव जीतने की तैयारी कर रही हैं। देश की भोली-भाली जनता इस बात को समझ नहीं रही है और लगातार गुमराह हो रही है।
हेमा मालिनी को क्यों नहीं करते बाहर
लव जिहाद पर बोलते हुए पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह खान यहीं नहीं रुके। उन्होंने सांसद हेमामलिनी के खिलाफ भी बयान दे डाला। पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार अगर लव-जिहाद को इतना ही गलत मानती है, तो अपनी मथुरा की सांसद हेमा मालिनी को क्यों बाहर नहीं करती हैं? उन्होंने भी तो धर्म परिवर्तन करके शादी की थी। लेकिन उनके घर धर्मेंद्र पर बुलडोजर चलाने की हिम्मत नहीं है।
प्यार की परिभाषा भी बता डाली
पूर्व विधायक ने प्यार की परिभाषा भी बता डाली। उन्होंने कहा प्यार नेचुरल है। पुराने जमाने से लैला-मजनू, शीरी फरात के किस्से मशहूर हैं। पशु-पक्षी भी प्रेम करते हैं, लेकिन आज इसे मुद्दा बनाया जा रहा है। जब चुनाव आते हैं, यह मुद्दा बाहर आ जाता है और ऐसे मामलों को मुद्दा बनाकर वोट की राजनीति की जाती है।
विवादों से है पुराना रिश्ता
पूर्व विधायक हाजी जमीर उल्लाह खान का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। भड़काऊ और विवादित बयानों के कारण भी चर्चा में रहते हैं। एक टीवी डिबेट में उन्होंने मदरसों के मुद्दे कहा था कि घर-घर मदरसा पहले थे, खाला आदि उसमें पढ़ाती थीं। वहीं, उन्होंने मुरादाबाद के काॅलेज में बुर्के पर प्रतिबंध लगाए जाने के मामले पर बोला था कि जो भी बुर्के पर प्रतिबंध लगाने की बात करता है। उसे नंगा करके सड़क पर घुमाओ। अक्सर पूर्व विधायक अपने बयानों के कारण चर्चाओं में बने रहते हैं।