चोरी के आरोपी पर की कार्रवाई
इगलास। इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली में मोबाइल चोरी की घटना में हाथरस के श्रीनगर कालौनी, नई वस्ती निवासी भर्रा उर्फ वकील पुत्र बुध्दसैन का नाम प्रकाश में आया था।विवेचक दिनेश चंद्र द्वारा गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी गई हैं। आरोपित अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। कोर्ट से जारी फरारी का नोटिस भी घर पर चस्पा कर दिया गया है। इसके बाद भी वह कोर्ट में अथवा थाने में समर्पण नहीं कर रहा है। ऐसी स्थिति में आरोपित के विरुद्ध 174ए के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मृत्यु
गौंडा क्षेत्र के गांव गुर्जनगरिया के 40 वर्षीय हरवीर सिंह पुत्र रेशम सिंह व 45 वर्षीय श्रीनिवास पुत्र नत्थीलाल गुप्ता शनिवार की रात्रि करीब एक बजे मथुरा से गांव आ रहे थे। रास्ते में रजावालव डेटा के बीच रजवहा के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में हरवीर सिंह की हालत अत्यधिक गंभीर थी। उन्हें अलीगढ़ मलिखान सिंह जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। वहां अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।