24 दिन बाद भी लापता छात्र का नहीं लग सका सुराग
अलीगढ़। हाथरस के मोहल्ला जाटवान खुर्द में कोचिंग गया छात्र लापता हो गया। 24 दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का सुराग नहीं लग सका है। आरोप है कि पुलिस ने अभी तक मोबाइल की सीडीआर तक नहीं निकलवाई। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। सोमवार को पीड़ित परिजनों ने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई है। डीआईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मोहल्ला जाटवान खुर्द निवासी छत्रपाल सिंह ने कहा है कि उनका 14 वर्षीय बेटा ईशांत विगत 17 मई को घर से कोचिंग गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों के काफी तलाश करने के बाद कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। आरोप है कि परिजनों ने थाना पुलिस को तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के नाम तहरीर से हटवा दिए। इसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर ली। 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में डीआईजी आनंद कुलकर्णी ने थाना पुलिस को जल्द छात्र के बरामद करने के निर्देश दिए हैं।