रैकी कर बंद मकानों में चोरी की घटना को अंजाम देता था मुजफ्फरनगर का गैंग
अलीगढ़। अलीगढ़ में रैकी कर बंद मकानों में चोरी की घटना को मुजफ्फर नगर का गैंग अंजाम देता था। यह खुलासा क्वार्सी पुलिस ने तीन शातिर चोरों के गिरफ्तार करने के बाद किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात व अन्य सामान बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि रविवार रात्रि में पुलिस टीम को मुखबिर ने सूचना दी कि तीन युवक बाइक से चोरी की फिराक में खड़े हैं। जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देख शातिर चोर बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को क्वार्सी चुंगी के पास से पकड़ लिया। पुछताछ में अपना नाम सुनील पुत्र प्रेमचंद्र निवासी पंचमुखी मंदिर, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर, गौरव पुत्र शंकर निवासी कच्ची सड़क मोहल्ला गांजा वाली पुलिया थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर, दीपक उर्फ शेंकी पुत्र राजेंद्र निवासी खेड़ा मस्तान थाना फुगाना, मुजफ्फरनगर बताया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले वह बंद मकान की रैकी करते थे, फिर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पकड़े गए चोरों ने पिछले दिनों आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को कबूल किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, एक प्लास, एक आरी का ब्लेड व 4600 रुपये की नगदी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।