गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए काम कर रही मोदी सरकार – सतीश गौतम
- चंडौस ब्लॉक परिसर में केंद्र की भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर गिनाई उपल्धियां
चंडौस। केंद्र की भाजपा सरकार के 9 साल पूर्ण होने पर बुधवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सतीश गौतम व राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सतीश गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश एक परिवार के हाथ में था। परिवार ही तय करता था कि किसे योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। लेकिन पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार ने तमाम ऐतिहासिक कार्य किए हैं। देश पर कोरोना जैसी जब विपत्ति आई तब मोदी सरकार ने उचित उपाय कर लोगों तक सहायता पहुंचाई, जिसे देश ही नहीं बल्कि विदेशियों को भी लाभ मिला और देश दुनियां ने इन उपायों को सराहा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ा है। जिस प्रकार मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए संकल्पित है। उससे पूरा विपक्ष के साथ देश की विरोधी ताकतें भी उन्हें रोके लिए एक साथ खड़ी हुई हैं। गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए यह सरकार काम कर रही है। वंचितों को उनका अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री ने जंग छेड़ी है, तकनीक में हम लोग पिछड़े हुए थे। नौ वर्षों में हम इस दिशा में काफी आगे बढ़ गए है। अब भारत की पहचान आत्मनिर्भर देश के रूप में होती है, 2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों में 11वें नंबर पर था, आज ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगी। उन्होंने कहा कि पहले की सरकार एक रुपया केंद्र सरकार से भेजती थी तो लाभार्थी के पास 15 पैसे पहुंचते थे। जनधन खाता और तकनीक से अब पूरे एक रुपये पहुंच रहे हैं। 12 करोड़ लोगों को नल से जल पहुंचाया गया,उज्ज्वला योजना के तहत 9.60 करोड़ निशुल्क गैस कनेक्शन,80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन पहुंचाया जा रहा है, 11.90 करोड़ घरों में शौचालय बनाया गया, 50 करोड़ लोगों का आयुष्मान योजना कार्ड बनाएं गए, 11 करोड़ किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष दिया जा रहा है। पहले वैक्सीन के लिए दूसरे देशों पर आश्रित रहने वाले भारत ने मोदी के संकल्प से कोरोना में भारत ने दो वैक्सीन तैयार किए। 210 करोड़ टीके लगाए। 100 देशों में टीके भेजे गए। यह भारत की क्षमता और बदलती छवि का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अमृतकाल से शताब्दी वर्ष तक ( वर्ष 2047 ) तक भारत विश्व गुरु बनेगा।
राजस्व राज्यमंत्री अनूप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ा है, बल्कि देश के भीतर भी गरीब, वंचित, किसान महिला समेत सभी वर्गों का समेकित विकास हुआ है। पहले समस्याओं के समाधान के लिए टुकड़ों में कदम उठाए जाते थे, लेकिन मोदी सरकार ने पहली बार समस्याओं के संपूर्ण समाधान की योजनाएं बनाई है और उन्हें सफलतापूर्वक लागू करने का काम भी किया है। उन्होंने कहा कि शौचालय, पक्का मकान, बिजली कनेक्शन, गैस सिलेंडर, नल से जल जैसी योजनाएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा एक फिर से प्रचंड जीत हासिल कर मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएंगी। कार्यक्रम के दौरान सरकार की आेर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति रेशमपाल सिंह, जय शर्मा, धर्मवीर सिंह चौहान, विनोद कुमार गुप्ता, चिंटू गौड़, विनोद शर्मा आदि मौजूद रहे।