बोर्ड की पहली बैठक में 15.55 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर लगी मुहर
खैर। नगरपालिका परिषद के नए सदन की पहली बोर्ड बैठक पालिका सभागार में आयोजित हुई। जिसमें विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों पर मुहर लगाई।
ईओ निषाद मधुरमय की मौजूदगी में चैयरमैन संजय शर्मा ने नवनिर्वाचित सभासदों का फूलमाला पहना कर स्वागत किया। बैठक में सभासदों ने अपने वार्डों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं व विकास कार्यों के करीब 130 प्रस्ताव दिए। जिसमें से 15 करोड़ 55 लाख रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लग गई। ईओ निषाद मधुरमय ने कहा सभी के सहयोग से खैर नगर पालिका में चहुंमुखी विकास की रूपरेखा बनाकर उसे धरातल पर उतारा जाएगा। बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समानता के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। तीन सौ वृद्धा पेंशन महिला व पुरुष के फार्म स्वीकृत हुए हैं लेकिन उनका सही से सत्यापन न होने के कारण अपूर्ण पडे हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थी पालिका दफ्तर में आकर अपना सत्यापन करा लें, ताकि उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा सके। चेयरमैन संजय शर्मा ने कहा कि सभी सभासदों के साथ मिलकर उनकी सहमती से पूरी नगर पालिका में विकास कार्य कराएं जाएंगे। सरकार की ओर से बजट जारी होते ही विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए। पात्रता के आधार पर लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जाएगा। बैठक में सभासद जितेंद्र गौतम, ठाकुर दास, भोला, आस मोहम्मद, आकाश, गौरव शर्मा, उर्मिला देवी, वाहिद, मुकेश, शकुन गौतम, किशन देवी, सत्यवीर प्रतिमा, मीना देवी, अमित अग्रवाल, योगेंद्र सिंह, दिशा वार्ष्णेय,भोला नागर सहित पालिका स्टाफ मौजूद रहा।