युवक की धारदार हथियार से की हत्या, लहुलुहान हालत में खेत में पड़ा मिला शव
इगलास। क्षेत्र के गांव बलीपुर के एक युवक का लहुलुहान हालत में खेत में पड़ा मिला। युवक की धारदार हथियारों से हत्या की गई है। मामले में मृतक के पिता ने दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम गठित कर दी गई है।
घर से बुलाकर ले गए थे दो युवक
बलीपुर निवासी राजकुमार का आरोप है कि बुधवार रात्रि में करीब आठ बजे दो युवक उसके 25 वर्षीय बेटा पिंकू को घर से बुलाकर ले गए थे, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। जिस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने पिंकू को कई बार फोन भी किया, लेकिन उसका कोई फोन नहीं उठा।
बाजरा के खेत में लहुलुहान हालत में मिला शव
गुरुवार सुबह मतरोई के ग्रामीणों को बाजरा के खेत में एक युवक का लहुलुहान हालत में शव पड़ा हुआ मिला। ग्रामीणों ने जब जाकर देखा तो शव की शिनाख्त बलीपुर निवासी पिंकू के रूप में हो गई। सूचना पर परिजनों के साथ इलाका पुलिस, सीओ विशाल चौधरी व फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच गई और घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए।
चार माह की बेटी को रोते-बिलखते छोड़ा
परिजनों के अनुसार मृतक पिंकू मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी करीब दो वर्ष शादी हुई थी और वह चार माह की बेटी का पिता था। ग्रामीणों के अनुसार पिंकू काफी मिलनसार था और अपने काम से मतलब रखता था, कभी उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ था।
पिता ने दो लोगों के खिलाफ दी तहरीर
सीओ विशाल चौधरी ने बताया कि पिंकू की किसी धारदार हथियार से हत्या की गई है। मृतक के पिता राजकुमार ने दो नामजदों लोगों के खिलाफ बेटे की हत्या कर देने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दो टीम गठित की गई है साथ ही कई बिंदुओं पर जाँच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया जाएगा।