रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अलीगढ़ में चाइनीज मांझे पर है बैन, फिर भी छीन रहा है चैन

- प्रतिबंध के बाद भी हो रही खुलेआम बिक्री, एडीएम सिटी बोले, कराएंगे जांच, प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

 

अलीगढ़। चीन, भारत को जितना सीमा पर परेशान कर रहा है, उससे कहीं ज्यादा आफत चीन में बने हुए सामानों से हो रही है । खासकर चाइनीज मांझा लोगों का चैन छीन रहा है। बच्चों के बीच पतंग उड़ाने का काफी ग्लैमर है। पतंग उड़ाने में इस्तेमाल किया जा रहा चाइनीज मांझा लगातार हादसों का कारण बन रहा है । मांझे से होने वाले हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे है। सरकार के बैन लगाए जाने के बावजूद इसकी शहर भर में चोरी- छिपे बिक्री हो रही है। इस खतरनाक चीनी मांझे से लोग लगातार घायल होते जा रहे हैं । चाइनीज मांझा मासूमों पर तो भारी पड़ ही रहा है, बड़े लोग भी इसके चपेट में आकर घायल हो रहे हैं। पशु-पक्षी भी इसकी चपेट में आकर अपनी जान गवां दे रहे हैं।

बाइक सवार की गर्दन बुरी तरह जख्मी

क्वार्सी के रियाज कॉलोनी के 25 वर्षीय सद्​दाम बाइक से किसी काम से बाजार जा रहे थे। तभी कॉलोनी से निकलने के दौरान कुछ युवक पतंग उड़ा रहे थे तभी मांझा उसकी गर्दन में जाकर उलझ गया। सद्दाम इससे पहले खुद को संभाल पाता उससे पहले ही वह लड़खड़ाकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास के लोग उसे उपचार को पहले इलाके के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां से हालात नाजुक होने पर उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर पर सद्​दाम के परिजन एवं पड़ोसी आ गए।

यहां हो रही बिक्री

शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक मांजे की खूब बिक्री हो रही है। खासकर शहर में बारहद्वारी, रसलगंज, छिपैटी बाजार, ऊपरकोट, मामू भांजा, विष्णुपुरी, सुदामापुरी, चंदनियां, सुरेंद्र नगर, दोदपुर, अमीर निशा आदि इलाकों में चाइनीज मांझा बिनी किसी रोक-टोक के बिक रहा है। देहात क्षेत्र में इस मांझे की बिना किसी सख्ती के खूब बिक्री हो रही है।

वर्जन

चाइनीज मांझे पर सरकार ने बैन लगा रखा है, फिर भी यदि बाजार में इसकी बिक्री की जा रही है तो चेकिंग कराकर माल जब्त करने आदि की कार्रवाई की जाएगी । ऐसे दुकानदारों से सख्ती से निपटा जाएगा।

अमित कुमार भट्ट, एडीएम सिटी अलीगढ़

केस नं – एक

पुलिस लाइन अस्पताल के प्रभारी डॉ. प्रवीन कुमार बाइक से पिछले दिनों ड्यूटी कर घर जा रहे थे । तभी अचानक पतंग का मांझा उनकी गर्दन में फंस गया । वह कुछ समझ पाते उससे पूर्व ही मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह से जख्मी कर दिया । उन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा ।

केस -दो

गांधीपार्क के अचल ताल निवासी विकास कुमार का बेटा अविनाश पतंग उड़ा रहा था, इसी बीच चाइनीज मांझे की चपेट में कान आ गया। गंभीर जख्मी होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा ।

केस- तीन

देहलीगेट के एडीए कॉलोनी निवासी फराहिम खान का छोटा इदरीश पतंग उड़ा रहा था । इसी दौरान मांझा उसके हाथ में जा फंसा। इससे हाथ की एक अंगुली कट गई।

केस – चार

बन्नादेवी के सारसौल निवासी ब्रजेश कुमार का बेटा लवी दोस्तों संग पतंग उड़ा रहा था। चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गर्दन में बुरी तरह से जख्मी हो गया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!