प्रशासन रख रहा नजर, त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं लोग
अलीगढ़। ईद-उल-अजहा और श्रावण मास को शांति पूर्ण तरीके से मनाने को लेकर पुलिस-प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसको लेकर अधिकारी थाने-चौकियों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से आपसी प्रेम एवं भाईचारे की भावना कायम रखते हुए त्योहारों को पूरे उल्लास से मनाए जाने की अपील कर रहे हैं। इस क्रम में रविवार को एसपी सिटी कुलदीप सिंह ने सिविल लाइंस थाने में संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, मौलानाओं, डिजिटल वालंटियर्स के साथ बैठक की। इसी तरह देहात क्षेत्र में थाना गभाना में इंस्पेक्टर राम कुंवर सिह ने धर्म गुरुओं एवं सभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। सीओ बरला ने थाना प्रभारी अकराबाद के साथ पिलखना, सीओ छर्रा ने थाना प्रभारी छर्रा के साथ थाना छर्रा, थाना प्रभारी खैर द्वारा सोफा, सीओ खैर ने थाना टप्पल, थाना प्रभारी पालीमुकीमपुर की अध्यक्षता में शांति व्यवस्था को लेकर बैठक हुई।

जिनमें शांति व्यवस्था, आपसी सौहार्द्र एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने एवं उन्हें रोकने आदि के संबंध में आमजन को जागरूक करने की अपील की। ईद-उल-अजहा पर सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी न देने एवं प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न देने की अपील की। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अधीनस्थों को निरंतर अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, मौलवियों से बातचीत कर शांति एवं आपसी सौहार्द्र बनाए रखने की अपील करने के साथ ही श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा एवं मंदिर, शिवालय में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।