मजदूर की नाले में गिरकर हुई मौत, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
अलीगढ़। थाना सासनीगेट के मोहल्ला पंचनगरी में घर से बाजार जा रहे मजदूर की नाले में गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
थाना सासनीगेट के जयगंज निवासी 45 वर्षीय देवेंद्र कुमार पीतल ढलाई का काम करता था। शनिवार शाम को वह घर से बाजार गया था, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। तभी ग्रामीणों को पंचनगरी स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ दिखाई पड़ा। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराने का प्रयास किया। वहीं जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मृतक की शिनाख्त देवेंद्र के रूप में कर ली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो बच्चों के पिता थे। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मजदूर का थ्रैसर में कटा हाथ, ट्रैक्टर स्वामी नहीं करा रहा इलाज
गभाना। क्षेत्र के गांव पला सल्लू में थ्रैसर पर काम करने के दौरान मजदूर का हाथ कटने व ट्रैक्टर स्वामी द्वारा इलाज न कराने का मामला थाने में दर्ज हुआ है।
मामले में लोधा के ल्हौसरा विसावन निवासी राजकुमार पुत्र सुरेंद्र कश्यप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह पला सल्लू निवासी राजपाल सिंह के ट्रैक्टर व थ्रैसर पर मजदूरी करता है। बीती 14 अप्रैल को थ्रैसर का गेयर बॉक्स खराब था। इस बारे में राजपाल सिंह एवं उसके बेटे सत्यपाल सिंह व गीतम सिंह को बताया, लेकिन तीनों ने उसे जान से मार देने की धमकी देते हुए थ्रैसर में मूठा लगाने को कहा। मूठा लगाते समय उसका बायां हाथ थ्रैसर में चला गए और कलाई के पास से कट गया। साथी मजदूरों ने अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रैक्टर स्वामी से पूरा इलाज कराने व परिवार का खर्चा देने का आश्वासन भी दिया, लेकिन उसने न तो इलाज का खर्चा दिया और न ही परिवार का खर्चा दिया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, मामले में जांच की जा रही है।