अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत
गभाना। हाईवे महरावल पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
बुलंदशहर के थाना अरनियां के गांव कमालपुर निवासी 45 वर्षीय अय्यूब पुत्र अलीजान टाइल्स लगाने का काम करते थे। रविवार की देर शाम को वह बाइक से किसी काम से अलीगढ़ के लिए जा रहे थे। तभी हाईवे पर महरावल पुल के पास पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। देर रात्रि में उपचार के दौरान अय्यूब ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। परिजनों के अनुसार अय्यूब पांच बच्चों का पिता थे।